फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड मेले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा ‘सुनामी’ झूला अचानक गिर पड़ा, जिससे पलवल जिले के चांदहट थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई। हादसे में 12 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को निजी अस्पतालों और बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के तुरंत बाद मेला परिसर को खाली करा दिया गया और झूला क्षेत्र को बंद कर दिया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय झूले पर करीब 18 लोग सवार थे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूला ऊपर से नीचे आते हुए गिरता दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।
सूरजकुंड थाना पुलिस ने मामले में झूला संचालक हिमाचल फन फेयर के मालिक मोहम्मद शाकिर और उसके स्टाफ के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Also Read: साउथ कोरिया की क्रिप्टो एक्सचेंज से बड़ी चूक, गलती से यूजर्स को भेजे 6.20 लाख बिटकॉइन
मृतक इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के शव का पोस्टमॉर्टम बीके अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को शहीद का दर्जा देने की घोषणा की है। साथ ही उनके परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी ऐलान किया गया है।





