दक्षिण कोरिया की क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज Bithumb ने एक बड़ी प्रशासनिक गलती को स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। कंपनी ने एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान गलती से यूजर्स के खातों में करीब 6.20 लाख बिटकॉइन ट्रांसफर कर दिए, जिनकी कीमत 40 अरब डॉलर से अधिक बताई जा रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह रकम करीब 695 यूजर्स के वॉलेट में जमा हो गई थी। गलती सामने आते ही कुछ यूजर्स ने बिटकॉइन बेचने शुरू कर दिए, जिससे कुछ समय के लिए प्लेटफॉर्म पर कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखा गया।
कंपनी ने बताया कि गलती का पता चलते ही 35 मिनट के भीतर प्रभावित खातों की ट्रेडिंग और निकासी रोक दी गई। एक्सचेंज के अनुसार, अब तक करीब 99.7% बिटकॉइन रिकवर कर लिए गए हैं। बची हुई रकम की भरपाई कंपनी अपने संसाधनों से करेगी।
कैसे हुई इतनी बड़ी गलती?
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी प्रमोशनल ऑफर के तहत हर यूजर को 2,000 कोरियन वॉन (करीब 124 रुपये) भेजना चाहती थी, लेकिन तकनीकी चूक के कारण हर यूजर के खाते में 2,000 बिटकॉइन ट्रांसफर हो गए।
हैकिंग से इनकार
Bithumb ने स्पष्ट किया है कि यह घटना किसी हैकिंग या साइबर अटैक का नतीजा नहीं है। कंपनी के मुताबिक, सिस्टम सुरक्षा और कस्टमर एसेट मैनेजमेंट पूरी तरह सुरक्षित है।
बिटकॉइन की कीमतों पर असर
इस गलती के बाद कुछ समय के लिए बिटकॉइन की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। प्लेटफॉर्म पर बिटकॉइन का दाम करीब 17% तक गिर गया, हालांकि कंपनी ने हालात पर जल्द ही काबू पा लिया।
Bithumb, दक्षिण कोरिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टो एक्सचेंज है। इस घटना ने एक बार फिर क्रिप्टो बाजार में तकनीकी सावधानियों की अहमियत को उजागर किया है।





