उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक तेज़ रफ्तार लग्ज़री कार हादसे के बाद तंबाकू कारोबारी KK Mishra एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। यह हादसा उनके बेटे Shivam Mishra से जुड़ा बताया जा रहा है, जो कथित तौर पर एक महंगी लेम्बोर्गिनी कार चला रहा था।
क्या है पूरा मामला
रविवार दोपहर करीब 3:15 बजे कानपुर के ग्वालटोली इलाके में वीआईपी रोड पर एक लग्ज़री कार नियंत्रण खो बैठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा और फिर कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी। हादसे में छह लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक कार चालक नशे की हालत में हो सकता है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
कौन हैं केके मिश्रा
केके मिश्रा, जिन्हें मुन्ना मिश्रा के नाम से भी जाना जाता है, कानपुर स्थित Banshidhar Tobacco Private Limited के मालिक हैं। यह कंपनी देश की प्रमुख तंबाकू सप्लायर मानी जाती है और कई पान मसाला कंपनियों को कच्चा माल उपलब्ध कराती है।
कंपनी पिछले 30 वर्षों से कारोबार में सक्रिय है। इसके निदेशक मंडल में उषा मिश्रा, कृष्ण कुमार मिश्रा और शिवम कुमार मिश्रा शामिल हैं।
Also Read: दिल्ली के 9 स्कूलों और संसद को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
आयकर विभाग की कार्रवाई
मार्च 2024 में आयकर विभाग ने बंशीधर टोबैको कंपनी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई कानपुर, दिल्ली, मुंबई और गुजरात में की गई। जांच में कंपनी के घोषित टर्नओवर और वास्तविक कारोबार में बड़ा अंतर सामने आया।
रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी की घोषित आय जहां 20–25 करोड़ रुपये थी, वहीं वास्तविक टर्नओवर 100–150 करोड़ रुपये तक आंका गया। छापेमारी के दौरान नकद राशि और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए।
लग्ज़री गाड़ियों और महंगी घड़ी का खुलासा
जांच के दौरान लगभग 50 करोड़ रुपये की लग्ज़री गाड़ियां सामने आईं। इनमें रोल्स-रॉयस, मैकलेरन, पोर्श और लेम्बोर्गिनी जैसी कारें शामिल थीं। सभी गाड़ियों पर एक ही सीरीज़ का नंबर प्लेट पाया गया।
इसके अलावा शिवम मिश्रा के पास मौजूद एक हीरे जड़ी घड़ी की कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई गई।
आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल वाहन को जब्त कर लिया गया है और घायलों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आयकर और अन्य एजेंसियां कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।





