दिल्ली के 9 स्कूलों और संसद को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह एक बार फिर बम धमकियों से हड़कंप मच गया। ई-मेल के जरिए संसद और दिल्ली के कम से कम नौ नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।

सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच जिन स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले, उनमें दिल्ली कैंट स्थित लोरेटो कॉन्वेंट, रोहिणी का वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, कैम्ब्रिज स्कूल (श्रीनिवासपुरी और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी), सादिक नगर का द इंडियन स्कूल, रोहिणी का सीएम श्री स्कूल, आईएनए स्थित डीटीईए स्कूल, रोहिणी का बाल भारती स्कूल और न्यू राजेंद्र नगर का मानव स्थलि स्कूल शामिल हैं।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे। एहतियातन सभी स्कूलों को खाली कराया गया और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, सभी परिसरों में सघन तलाशी अभियान जारी है।

धमकी भरे ई-मेल में लिखा गया था कि “दिल्ली खालिस्तान बनेगी” और दोपहर 1:11 बजे विस्फोट की बात कही गई। ई-मेल पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से हस्ताक्षर थे। इसमें 13 फरवरी को संसद में धमाके की चेतावनी भी दी गई थी।

Also Read: सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: झूला गिरने से इंस्पेक्टर शहीद, 12 लोग घायल

पिछले कुछ समय से दिल्ली सहित कई महानगरों में इस तरह की फर्जी बम धमकियों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे न सिर्फ सुरक्षा एजेंसियों पर दबाव बढ़ा है, बल्कि अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में भी भय का माहौल बन गया है।

इससे पहले 29 जनवरी को भी दिल्ली के पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिन्हें जांच के बाद अफवाह घोषित किया गया था। वहीं 28 जनवरी को द्वारका कोर्ट परिसर को मिली धमकी भी झूठी निकली थी।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि लगातार आ रही इन धमकियों के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment