झारखंड के चतरा जिले में सोमवार रात हुए एयर एम्बुलेंस विमान हादसे में एक डॉक्टर समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई। यह विमान रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद संपर्क से बाहर हो गया और बाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
डीजीसीए के अनुसार, बीechक्राफ्ट C90 एयर एम्बुलेंस ने उड़ान भरने के बाद कोलकाता रडार से संपर्क खो दिया था। विमान दिल्ली स्थित रेडबर्ड एयरवेज द्वारा संचालित था और इसका टेल नंबर VT-AJV था। रडार संपर्क टूटने के बाद यह विमान चतरा के सिमरिया क्षेत्र के जंगल में गिर गया।
हादसे में डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता सहित सभी सात यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन सवराजदीप सिंह, मरीज संजय कुमार, सचिन कुमार मिश्रा, अर्चना देवी और धुरु कुमार भी शामिल हैं।
डॉक्टर विकास गुप्ता के पिता ने बेटे की मौत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने बेटे की पढ़ाई के लिए अपनी खेती तक बेच दी थी। पिता के अनुसार, डॉक्टर ने उन्हें बताया था कि वह मरीज के साथ दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन बाद में विमान दुर्घटना की खबर मिली।
रांची के देवकमल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सीईओ डॉ. अनंत सिन्हा ने भी डॉक्टर की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विमान में मौजूद मरीज संजय कुमार 60 प्रतिशत जलने से पीड़ित थे और आईसीयू में भर्ती थे। बेहतर इलाज के लिए परिजनों ने एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें बाहर ले जाने का निर्णय लिया था।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी में खराब मौसम और आंधी-तूफान को संभावित वजह बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां हादसे की विस्तृत जांच कर रही हैं।





