फतेहाबाद जिले में नशीली दवाओं की तस्करी के एक मामले में अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए 10 साल की सजा सुनाई है। आरोपी तीन बेटियों का पिता है और अपने एक दोस्त के साथ मिलकर नशीली गोलियों की बिक्री करता था। इस मामले में उसके साथी को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया।
यह मामला फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 16 मई 2021 को टोहाना शहर पुलिस ने रहनवाली रोड पर रजवाहा पुल के पास सतगुर सिंह को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से नशीली गोलियों के 200 पत्ते बरामद हुए थे, जिनमें कुल 2,000 गोलियां शामिल थीं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह ये नशीली गोलियां अपने एक परिचित के घर से खरीदकर लाया था और उन्हें आगे बेचने की योजना थी। जांच और सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को दोषी मानते हुए 10 साल की सजा सुनाई, जबकि सह-आरोपी को बरी कर दिया गया।





