हरियाणा के कई जिलों में आज सुबह घना कोहरा छाए रहने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे यातायात व्यवस्था पर सीधा असर पड़ा।
सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, कैथल सहित जीटी रोड से जुड़े जिलों में विजिबिलिटी घटकर 5 मीटर से भी कम दर्ज की गई। पानीपत में स्थिति और गंभीर रही, जहां दृश्यता लगभग शून्य बताई गई। खराब मौसम के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोहरे के कारण हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र में एक रोडवेज बस हादसे का शिकार हो गई। यह बस कुरुक्षेत्र डिपो से सालासर जा रही थी, जो संतुलन बिगड़ने के बाद हाईवे से नीचे उतर गई। अचानक लगे झटकों से बस में सवार करीब छह यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचा।
उधर, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने उत्तरी हरियाणा के आठ जिलों के लिए ठंड को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रात के तापमान में गिरावट हो सकती है, जबकि दिन के समय हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यह अब भी सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस सिरसा में रिकॉर्ड किया गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।





